
झांसी : राजीव गांधी पंचायती राज संगठन के तत्वावधान में उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा निर्देशित लड़की हूं, लड़ सकती हूं नारे के साथ 26 दिसंबर 2021 को झांसी में होने वाली रन फॉर मणिकर्णिका (मिनी मैराथन) को सफल बनाने के लिए प्रदेश सचिव मनीराम कुशवाहा के नेतृत्व में राजीव गांधी पंचायती राज संगठन के अध्यक्ष मनोज तिवारी के संयोजन में विभिन्न विद्यालयों में भ्रमण कर छात्राओं के फॉर्म भरवा कर पंजीकरण कराया गया।
इस अवसर पर प्रदेश सचिव मनीराम कुशवाहा ने कहा कि लड़की हूं लड़ सकती हूं, नारे के साथ उत्तर प्रदेश प्रभारी प्रियंका गांधी ने महिलाओं को मजबूत करने के लिए कई निर्णय लिए हैं और निश्चित तौर पर सरकार आने के बाद सभी निर्णय पर पहले दिन ही फैसला सुनिश्चित किया जाएगा।
इस दौरान जिला उपाध्यक्ष अफजाल हुसैन ने कहा कि बुंदेलखंड की वीर भूमि झांसी जो की वीरांगना महारानी लक्ष्मीबाई की नगरी है। यहां पर पार्टी की महासचिव प्रियंका ने मिनी मैराथन का आयोजन कर यहां की मातृशक्ति को अपनी क्षमता का प्रदर्शन करने का अवसर दिया है। इस मैराथन में हजारों की संख्या में बालिकाएं भाग ले रही हैं और उनमें बहुत उत्साह देखा जा रहा है। इस अवसर पर अमीरचंद आर्य, संगठन के जिला अध्यक्ष नीरज कुशवाहा, रशीद मंसूरी, ओमप्रकाश बुंदेला, नंदकिशोर राव, नीरज सनोरिया एडवोकेट, आबिदा खान आदि उपस्थित रहे।