
लखनऊ : आगामी विधानसभा चुनाव 2022 और हाल ही में होने वाले पंचायत चुनाव की तैयारियों के संबंध में अखंड भारत विकास पार्टी के बैनर तले यूपी प्रेस क्लब में एक बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक में तमाम वरिष्ठ पार्टी के पदाधिकारियों और किसान संगठन के नेताओं ने भाग लिया। पार्टी की आगे की रणनीति क्या है इस पर भी विस्तार से चर्चा की गई। बैठक के दौरान प्रदेश के विभिन्न जनपदों से पार्टी के कार्यकर्ता और पदाधिकारी आए हुए थे।
अखण्ड भारत विकास पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अवतार सिंह ने बताया कि उत्तर प्रदेश और उत्तराखण्ड में पार्टी विधानसभा वर्ष 2022 का चुनाव अकेले दम पर लड़ेगी। अखण्ड भारत विकास पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष सरदार अवतार सिंह मिगलानी ने अपने राष्ट्रीय तथा उत्तर प्रदेश कमेटी के पदाधिकारियों के साथ पत्रकारों को सम्बोधित करते हुए कहा कि अखण्ड भारत
विकास पार्टी उत्तर प्रदेश तथा उत्तराखण्ड का विधानसभा वर्ष 2022 का चुनाव पूरे जोर शोर से अकेले लड़ेगी। उन्होंने कहा कि आज उत्तर प्रदेश की जनता भ्रष्ट्राचार लूट, घूसखोरी, मंहगाई, बरोजगारी से जूझ रही है। अखण्ड भारत विकास पार्टी उत्तर प्रदेश की जनता को इससे निजात दिलायेगी।
पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष जसवीर सिंह ने बताया कि युवाओं को रोजगार मुहैया, स्वरोजगार स्थापन, बिजनेस लोन, शिक्षा लोन, कृषि लोन बिना ब्याज के उपलब्ध करवाकर युवाओं और किसानों को समृद्ध और शक्तिशाली बनाने का कार्य करेगी। उन्होंने कहा कि किसानों के लिए गांव-गांव में केन्द्र बनाकर उन्हें आधुनिक खेती का प्रशिक्षण देकर तथा उनके लिए सिचाई, कीटनाशक दवाएं, बीज एवं खाद्य समय पर मुहैया करायेगी। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि जल्द ही हमारी पार्टी का समर्थन भारतीय मजदूर किसान संगठन भी करेगी। बैठक में किसान संगठन के संस्थापक राष्ट्रीय अध्यक्ष सुरेंद्र शर्मा सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।