
दिल्ली : में नौ साल की बच्ची का सामूहिक दुष्कर्म और फिर हत्या के मामले में राजनीति गरमा गई है। बुधवार सुबह पीड़ित परिवार से मिलने कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी पहुंचे तो भाजपा ने उन पर राजनीति करने का आरोप लगा दिया है। भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने कांग्रेस व राहुल गांधी से कहा है कि रेप पर राजनीति करना अच्छा नहीं है। कांग्रेस को दिल्ली में दलित की बच्ची से दुष्कर्म दिखाई देता है लेकिन राजस्थान के रेप पर वह चुप क्यों हो जाते हैं। पात्रा ने आगे कहा कि, दिल्ली के नांगल में नन्ही सी बच्ची के साथ रेप हुआ, ये बहुत दुखद है, हम इसकी घोर निंदा करते हैं। इसमें चार से अधिक लोग गिरफ्तार हुए हैं। कानून इस पर अपना काम कर रहा है। लेकिन रेप के मामलों में अगर राजनीति की जाए, तो ये राजनीति का सबसे निम्न स्तर होता है।
पात्रा ने कहा कि, पीड़िता के परिवार को जरूर न्याय मिलेगा। लेकिन क्या कांग्रेस बता सकती है कि वह राजस्थान में होने वाली ऐसी ही घटनाओं पर चुप क्यों रहती है। क्या राहुल गांधी राजस्थान में के पीड़ितों से मिलने गए, क्या प्रियंका गांधी ने उनकी सुध ली? संबित पात्रा ने कहा, कल राहुल गांधी जी ने ट्वीट किया कि दलित की बेटी हिंदुस्तान की बेटी है। इसमें कोई दो मत नहीं है। उसे न्याय मिलना ही चाहिए। लेकिन क्या राजस्थान की दलित बेटी, छत्तीसगढ़ की दलित बेटी और पंजाब की दलित बेटी, जिसके साथ जघन्य अपराध होता है, क्या ये हिंदुस्तान की बेटियां नहीं हैं?
पात्रा ने कहा कि, एनसीआरबी के अनुसार राजस्थान बलात्कार के मामलों में शीर्ष पर है। पिछले 6 महीनों में राजस्थान में बलात्कार के मामलों में 30 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। 2020 में राजस्थान में 13,750 केस बलात्कार के हुए। कोरोना काल में इस प्रदेश में बलात्कार के मामलों में 38 प्रतिशत का इजाफा हुआ है।वह आगे बोले, गहलोत सरकार ने विधानसभा सत्र में बलात्कार पर हो रही चर्चा पर ये जवाब दिया था कि दलित महिलाएं बलात्कार के झूठे केस दर्ज कराती हैं। विधानसभा के पटल पर उन सारे एनजीओ पर उंगली उठाई गई थी, जो दलित अधिकारों के लिए लड़ाई लड़ते हैं।