
बांदा : मामूली बात को लेकर हुए विवाद में चार लोगों ने दंपति पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। जिससे दोनो लोग लहूलुहान हो गए। शोरशराबा सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। किसी तरह समझा-बुझाकर मामले को शांत कराया। दोनो घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना की तहरीर पुलिस को दे दी गई है।
नरैनी कोतवाली क्षेत्र के बड़ैछा गांव निवासी महेंद्र (40) पुत्र ब्रजगोपाल बुधवार की रात खेत से घर लौट रहा था। तभी दरवाजे के समीप बैठे चार लोग उसे गाली-गलौज करने लगे। महेंद्र ने इसका विरोध किया। इसी बात को लेकर दोनो के बीच विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि चारो युवकों ने महेंद्र पर धारदार हथियार से हमला कर दिया।
शोरशराबा सुनकर पति को पिटता देख पत्नी सविता (38) बचाने आई तो उसे भी पीटकर लहूलुहान कर दिया। शोरशराबा सुनकर मुहल्ले पड़ोस के लोग दौड़ पड़े। समझा-बुझाकर मामले को शांत कराया। दोनो घायलों को कोतवाली ले जाया गया। वहां पुलिस ने घायल महेंद्र की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने के बाद दोनो को चिकित्सीय परीक्षण के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।