
प्रयागराज : समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं समाजवादी पार्टी व्यापार सभा के सचिव दुर्गा प्रसाद गुप्ता को समाजवादी पार्टी ने प्रदेश उपाध्यक्ष बनाया है। प्रदेश अध्यक्ष संजय गर्ग ने एक पत्र जारी करते हुए सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश और प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम की संस्तुति के बाद दुर्गाप्रसाद गुप्ता को प्रदेश उपाध्यक्ष पद पर मनोनीत किया। दुर्गाप्रसाद गुप्ता को प्रदेश उपाध्यक्ष बनने पर व्यापार सभा के कई पदाधिकारियों ने उनको बधाई दी और दुर्गाप्रसाद गुप्ता के समर्थकों ने फूल माला से स्वागत किया। इस अवसर पर दुर्गा प्रसाद गुप्ता ने बताया कि समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव, प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम और व्यापार सभा के प्रदेश अध्यक्ष संजय गर्ग ने जो जिम्मेदारी दी है उस पर खरा उतरते हुए समाजवादी पार्टी को मजबूत करेंगे।
उन्होंने कहा कि व्यापारी ही देश में टैक्स देकर अर्थव्यवस्था को मजबूत करता है, लेकिन बीजेपी सरकार लगातार टैक्स का बोझ व्यापारियों पर डालती जा रही है जिससे व्यापारी आज सबसे ज्यादा परेशान है, जबकि लाॅक डाउन, नोटबंदी से व्यापारी ही ज्यादा परेशान रहा। जब समाजवादी पार्टी की सरकार रहती है तो व्यापारी ज्यादा संतुष्ट रहते हैं, 2022 में समाजवादी पार्टी की सरकार बननी तय है। उल्लेखनीय है कि दुर्गा प्रसाद गुप्ता शहर दक्षिणी से विधानसभा चुनाव लड़ने के लिए दावेदारी भी किया था। इस सवाल के जवाब में दुर्गा प्रसाद गुप्ता ने कहा कि अगर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव टिकट देंगे तो वे चुनाव लड़ेंगे, अन्यथा जो भी प्रत्याशी होगा उसे भारी अंतर से जिताने का काम करंेगे।