New Ad

सांसद,मेयर, विधायक, अधिकारी और पार्षदों ने की गोवंश की पूजा : गोपाष्टमी पर सेवा के लिए मुस्लिम महिला के सुपुर्द की गई एक गाय

0

सहारनपुर : सांसद,मेयर, विधायक और नगरायुक्त सहित अनेक जनप्रतिनिधियों तथा शहर के गणमान्य लोगों ने गोपाष्टमी पर्व पर कान्हा उपवन गौशाला में गायों की पूजा अर्चना और सेवा की। इस अवसर पर गौशाला में हवन यज्ञ भी कराया गया। कैराना सांसद प्रदीप चौधरी, मेयर संजीव वालिया,रामपुर मनिहारान विधायक देवेंद्र निम, नगरायुक्त ज्ञानेंद्र सिंह,अपर नगरायुक्त राजेश यादव, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ कुणाल जैन, उत्तर प्रदेश व्यापारी कल्याण बोर्ड के सदस्य दिनेश सेठी, वरिष्ठ भाजपा नेता कृष्ण लाल अरोड़ा, पार्षद भूरा सिंह प्रजापति, रमन चौधरी, गोपाल दास, राजेंद्र कुमार, मोहर सिंह व कार्तिक चौहान सहित अनेक जनप्रतिनिधि और शहर के गणमान्य लोग नवादा रोड स्थित नगर निगम द्वारा संचालित कान्हा उपवन गौशाला पहुंचे और गोपाष्टमी पर्व पर विधि विधान से गोवंश की पूजा अर्चना और गौवंश को गुड़ खिलाकर सेवा की ।

सांसद प्रदीप चौधरी ने कहा कि गंगा और गाय भारतीय संस्कृति का आधार है। प्रदेश में गौशालाओं की स्थापना और गौवंश के विकास के लिए उन्होंने प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सराहना की। मेयर संजीव वालिया ने कहा कि प्रदेश में गौशालाओं के निर्माण से अब सड़कों पर गोवंश को आवारा नहीं भटकना पड़ता। उन्होंने लोगों से अपने घरों में गौ पालन का आह्वान किया। विधायक देवेंद्र निम ने कहा कि गाय की सेवा कर व्यक्ति न केवल पुण्य लाभ अर्जित कर सकता है बल्कि अनेक रोगों से भी छुटकारा पा सकता है।

इससे पूर्व गौशाला में नगर निगम द्वारा गोपाष्टमी के उपलक्ष्य में हवन यज्ञ का भी आयोजन किया गया। पंडित अनिल शर्मा और पंडित आदित्य भारद्वाज ने वेद मंत्रोच्चार के बीच हवन यज्ञ संपन्न कराया। नगर आयुक्त ज्ञानेंद्र सिंह ने अतिथियों का नगर निगम की ओर से स्वागत किया। सांसद विधायक और अन्य अतिथियों ने गौशाला में बनाए जा रहे दियो, गोमूत्र से बनाए जा रहे गोनाइल और जैविक खाद बनने की प्रक्रिया तथा निगम द्वारा गौशाला परिसर में आईटीसी के सहयोग से स्थापित किए गए गोबर गैस प्लांट का भी निरीक्षण किया। नगर आयुक्त ज्ञानेंद्र सिंह ने अतिथियों को बताया कि नगर निगम द्वारा अब तक गोनाइल, जैविक खाद और दीयो को विक्रय कर लगभग पांच लाख रुपए की आय अर्जित की गई है।

नगर निगम गौशाला को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में लगातार प्रयास कर रहा है। कार्यक्रम में निगम के पशु चिकित्सा अधिकारी संदीप शर्मा,सफाई निरीक्षक अमित तोमर, वरूण चौपड़ा, भाजपा नेता विजय महेश्वरी और सीनियर सिटीजन मंडल अध्यक्ष आर के जैन सहित शहर के अनेक गणमान्य लोग शामिल रहे। निगम द्वारा इस अवसर पर खानआलमपुरा निवासी एक मुस्लिम महिला रुबीना की सुपुर्दगी में सेवा के लिए एक गाय देकर गोपाष्टमी पर्व को सार्थक किया गया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.