New Ad

सभी लोगों से यूजर चार्ज वसूलेगा नगर निगम : यूजर चार्ज से दस करोड़ रुपये सालाना अर्जित करने का लक्ष्य

0

सहारनपुर : नगर निगम महानगर के सभी लोगों से कूड़ा कलेक्शन के लिए यूजर चार्ज वसूल करेगा। निगम द्वारा इसके लिए घर-घर जाकर सर्वे किया जायेगा। प्रथम चरण में व्यवसायिक भवनों का सर्वे शुरु किया जायेगा। निगम द्वारा यूजर चार्ज से दस करोड़ रुपये सालाना एकत्रित करने का लक्ष्य रखा गया है ताकि निगम को आत्मनिर्भर बनाया जा सके।

अपर नगरायुक्त राजेश यादव की अध्यक्षता में निगम में आज इस सम्बंध में बैठक कर अधिकारियों ने मंथन किया। मुख्य कर निर्धारण अधिकारी रवीश चौधरी, सहायक नगरायुक्त अशोक प्रियदर्शी, कर निर्धारण अधिकारी दिनेश यादव, कर अधीक्षक विनय शर्मा के सुझाव पर प्रथम चरण में व्यवसायिक भवनों का वार्ड वाइस सर्वे कराने का निर्णय लिया गया। इसके लिए दस टीमें बनायी जायेगी और प्रतिदिन उनके कार्य की समीक्षा भी की जायेगी। कर अधीक्षक दिनेश यादव ने बताया कि महानगर में करीब 40 हजार व्यवसायिक प्रतिष्ठान है जिनमें बहुत कम प्रतिष्ठानों से यूजर चार्ज लिया जा रहा है।

अपर नगरायुक्त राजेश यादव ने कहा कि नगर निगम को आत्मनिर्भर बनाने के अलावा स्वच्छ सर्वेक्षण 2022 को ध्यान में रखकर भी यह सर्वे बहुत आवश्यक है। उन्होंने प्रत्येक घरेलू और व्यवसायिक भवन को यूजर चार्ज के दायरे में लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि लोगों को महानगर को साफ रखने के लिए स्वच्छता को अपनाना पडे़गा और स्वच्छता को अपनी आदत में शामिल करना होगा। उन्होंने कहा कि मौहल्लों व कालोनियों में रहने वालों और बाजारों में अपने व्यवसाय चलाने वाले लोगों को घर-दुकान में इकट्ठा किया गया कचरा निगम की गाड़ियों या रेहड़ों को देना होगा। किसी को भी कूड़ा-कचरा नाले नालियों व सड़कों पर फेंकने की इजाजत नहीं दी जायेगी।

अपर नगरायुक्त ने सफाई निरीक्षकोें को सफाई अभियान को और तेजी से चलाने के निर्देश दिए। बैठक में कर अधीक्षक सुधीर शर्मा, मुख्य सफाई निरीक्षक चंद्रपाल, इंद्रपाल व सफाई निरीक्षक अमित तोमर सहित सभी सफाई निरीक्षक तथा स्वास्थय व राजस्व विभाग के कर्मचारी शामिल रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.