New Ad

शहर में खुला प्रदेश का पहला ऊषा चेतना कुंजकार्यालय

राष्ट्र सेविका समिति अवध प्रान्त के तहत आयोजित हुआ समारोह

0

-महिला सेविकाओं के लिये उपयोगी होगा कार्यालय: चित्रा ताई जोशी
-अब हमारी सेविकायें संगठन कार्य को और आगे बढ़ा सकती हैं: महापौर

लखनऊ। प्रदेश की राजधानी लखनऊ में बुधवार को राष्ट्र सेविका समिति, अवध प्रान्त के पहले कार्यालय ‘ऊषा चेतना कुंज’ का शुभारम्भ हुआ। राजधानी के वसुन्धरा रेजीडेंसी नौबस्ता कलॉ देवा रोड स्थित उक्त प्रथम कार्यालय के उद्घाटन समारोह में देश-प्रदेश के कई प्रमुखजनों ने प्रतिभाग किया। बतौर मुख्य वक्ता कार्यक्रम में पहुंचीं चित्रा ताई जोशी (अखिल भारतीय सहकार्यवाहिका व अभा. प्रचारिका प्रमुख केंद्र नागरपुर) ने अपने सम्बोधन में कहा कि हमारी महिला सेविकाओं के लिये यह खुला कार्यालय बहुत ही उपयोगी सिद्ध हो सकता है। इसमें एक उपयुक्त वाचनालय शुरू करते हुए यहां से आयुर्वेद और होम्योपैथ दवाओं का भी जरूरतमंदों को वितरण किया जा सकता है। डॉ. रजनी सरीन समाजसेवी व ट्रस्टी संवधिनी ट्रस्ट फर्रूखाबाद ने कहा कि ऊषा ताई के नाम से उद्घाटित कार्यालय के माध्यम से कई सारे जनोपयोगी कार्य किये जा सकते हैं। जैसे, यहां पर लखनऊ की नजाकत, नफासत और यहां की पर्यटन संस्कृति व सभ्यता से जुड़ी चीजों का प्रदर्शन किया जा सकता है ताकि जब भी कोई इस कार्यालय में आये तो उसे एक ही छत के नीचे अवध प्रान्त की सारी जानकारी प्राप्त हो सके। आगे कहा कि यहां पर हमारी महिला सेविकायें केंद्र व राज्य सरकार से जुड़ी विभिन्न महिला कल्याणकारी योजनाओं के बारे में भी महिलाओं को अहम जानकारी दे सकती हैं। महापौर संयुक्ता भाटिया ने बताया कि कई दशक पूर्व उक्त महिला संगठन की नींव रखी गई और क्रमवार सभी महिला सेविकाओं ने हमेशा राष्ट्र व समाज कल्याण को आगे रखते हुए संघर्ष किया। आज यह पूर्वी उप्र का पहला कार्यालय है जहां से हमारी महिला सेविकायें संगठन को और आगे बढ़ा सकती हैं। यही नहीं इस कार्यालय के होने से अब अवध प्रान्त के तहत कार्यरत सेविकाओं का मनोबल भी बढ़ेगा। महापौर ने इस दौरान 1975 की इमरजेंसी से जुड़ी अपने पारिवारिक संघर्षों को भी सबके समक्ष साझा किया। कार्यक्रम में इस दौरान शीला सिंह सचिव, सूर्यदेव लक्ष्मी मेमोरियल चैरिटेबल ट्रस्ट (सुल्तानपुर) और रत्नम चंद्रा प्रान्त संचालिका, अवध प्रान्त सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे जबकि प्रान्त कार्यवाहिका यशोधरा ने सभी विशिष्ट आगंतुकों का आभार प्रकट किया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.