
-संपूर्णानगर कस्बे में धान खरीद केंद्र ना होने से किसान परेशान
-बिचौलियों के हाथों ओने पौने दामों में अपनी धान की फसल बेचने को मजबूर है किसान
संपूर्णानगर में धान क्रय केंद्र ना होने से किसानों ने प्रदर्शन करते हुए अपनी मांग रखी।
पलियाकलां-खीरी : संपूर्णानगर क्षेत्र में धान खरीद केंद्र ना होने की समस्या को लेकर दर्जनों किसानों ने अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए प्रदर्शन किया। आक्रोशित किसानों का कहना था कि धान क्रय केंद्र ना होने से उन्हें अपनी धान की फसल बिचौलियों को औने पौने दामों में देखनी पड़ रही है। किसानों ने कस्बे में धान खरीद क्रय केंद्र बनवाए जाने की मांग रखी है
क्षेत्र के किसानों की धान की फसल की खरीदारी करने के लिए शासन के निर्देशन पर पलिया सहित आसपास क्षेत्रों में धान खरीद क्रय केंद्र बनाए गए हैं। इन खरीद केंद्रों पर किसान आसानी से अपनी फसल बेचकर पूरा भुगतान ले रहा है। प्रशासन की उदासीनता के चलते संपूर्ण नगर क्षेत्र में किसानों के धान की फसल खरीदने के लिए एक भी धान क्रय केंद्र नहीं लगाया गया है जिससे किसानों को मजबूरन या तो पलिया मंडी समिति में आना पड़ता है या फिर बिचौलियों के हाथों औने पौने दामों पर अपनी धान की फसल बेचने पड़ती है। सोमवार को संपूर्णानगर क्षेत्र के दर्जनों किसानों ने कस्बे में धान खरीद क्रय केंद्र बनाए जाने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। किसानों का कहना है कि प्रशासन जल्द कस्बे में धान क्रय केंद्र स्थापित कराए जिससे उन्हें अपनी धान की फसल बेचने में किसी प्रकार की दिक्कत ना हो। इस दौरान कंवरजीत सिंह उर्फ बिंदर, दीप सिंह, जगतार सिंह, गंगेश, हरदीप सिंह, कुलदीप सिंह सहित दर्जनों किसान मौजूद रहे। संबंध में जानकारी करने पर एसडीएम डा. अमरेश ने बताया कि संपूर्णानगर क्षेत्र में धान क्रय केंद्र के लिए प्रस्ताव भेजा गया है। अभी कोई क्रय केंद्र स्वीकृत नहीं हुआ है। वहां भी क्रय केंद्र के लिए प्रयास किया जा रहा है।