कानपुर देहात : गजनेर थाना क्षेत्र के शेरपुर तरौदा गांव में हृदय विदारक घटना ने सभी को झकझोर दिया। सुबह पांच साल का मासूम मम्मी- मम्मी कहकर रो रहा था और मां का शव फांसी के फंदे पर लटक रहा था। सैन्य जवान की पत्नी के खुदकुशी की घटना की जानकारी पर घर के बाहर भीड़ लग गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटना की छानबीन के बाद मायके वालों को सूचना दी।
कानपुर सचेंडी के गदनखेड़ा गांव निवासी अनुपमा की शादी आठ वर्ष पूर्व शेरपुर तरौदा गांव निवासी सेना में जवान श्याम सिंह सेंगर से हुआ था। शादी के बाद अनुपमा ने बेटे को जन्म दिया था,जो अब पांच साल का है। बीती 16 फरवरी को अवकाश पर श्याम सिंह परिवार लेकर देहरादून से घर आए थे। शनिवार रात किसी बात को लेकर पति-पत्नी में विवाद हो गया। इसके बाद दोनों अलग-अलग कमरे में सोने चले गए।
रविवार की सुबह काफी देर तक अनुपमा कमरे से बाहर नहीं आई तो श्याम सिंह उसे देखने पहुंचे ताे सन्न रह गए।
पत्नी का शव पंखे पर साड़ी के फंदे से लटक रहा था। मां की मौत के बाद पांच साल का मासूम मम्मी-मम्मी कहकर रोता रहा। घर के बाहर लोगों की भीड़ एकत्र हो गई और भाई जितेंद्र भी आ गया। पुलिस ने स्वजनों के साथ आसपास के लोगों से घटना के संबंध में जानकारी ली। थाना प्रभारी गंगा सिंह ने बताया कि पति से विवाद के बाद खुदकुशी करने की जानकारी मिली है।