New Ad

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर की ऐतिहासिक पहल की सराहना:-डॉ. अम्मार रिज़वी

0 20

चित्रकूट की तर्ज पर नैमिष के विकास का निर्णय स्वागत योग्य मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर की ऐतिहासिक पहल की सराहना:-डॉ. अम्मार रिज़वी

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के पूर्व कार्यवाहक मुख्यमंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता डॉ. अम्मार रिज़वी ने

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा नैमिषधाम को चित्रकूट की तर्ज पर विकसित किए जाने के निर्णय का हार्दिक स्वागत किया है। इस संबंध में डॉ. रिज़वी ने मुख्यमंत्री को एक पत्र भेजकर इस ऐतिहासिक निर्णय को “अत्यंत सराहनीय” बताया।

डॉ.अम्मार रिज़वी ने पत्र में स्मरण कराया कि वर्ष 1980 में जब वी.पी. सिंह प्रदेश के मुख्यमंत्री थे, तब उनकी सरकार में वह संस्कृति विभाग सहित कई विभागों के मंत्री थे। उस दौरान उन्होंने नैमिषधाम में स्थित मंदिरों, घाटों और तालाबों के सौंदर्यीकरण एवं संरक्षण का कार्य प्रारंभ कराया था। डॉ रिज़वी ने कहा कि नैमिषधाम एक अत्यंत प्राचीन धार्मिक स्थलों में से एक है, यहां पर एक संस्कृति एवं एक युग का इतिहास रचा गया था। प्राचीन भारत के दार्शनिक, विद्वान, बुद्धिजीवी महापुरुषों ने कई साल तक परिश्रम और प्रयास करके वेद और पुराणों की रचना की। यह स्थान आध्यात्मिक, सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक दृष्टि से प्रदेश ही नहीं, बल्कि देश के लिए विशेष महत्व रखता है। मैंने इससे पहले भी चित्रकूट की भांति सीतापुर को भी कमिश्नरी का दर्जा दिए जाने का निवेदन किया था। जनपद सीतापुर हर प्रकार से बहुत महत्वपूर्ण है। महर्षि व्यास जी यहीं के रहने वाले थे। यहीं हरगांव में पांडव ने अज्ञातवास का समय गुज़ारा, यहीं अर्जुन से युद्ध हुआ, यहीं महर्षि दधीचि ने मानव परोपकार के लिए असुरों का संहार करने के लिए अपनी अस्थियां तक दान कर दीं। यहां पर हर धर्म के पवित्र स्थान हैं। यही वह ज़िला है जहां पर हजारों साल पहले वेद और पुराणों की रचना हुई थी। अयोध्या से गोस्वामी तुलसीदास जी घाघरा नदी पार करके “मथुरा” रामपुर आते थे और यहीं पर रुक कर उन्होंने श्री राम चरित मानस के एक अध्याय की रचना की थी।

 

डॉ. रिज़वी ने पत्र के माध्यम से सुझाव दिया कि नैमिषधाम को चित्रकूट की भाँति एक स्वतंत्र कमिश्नरी के रूप में विकसित किया जाए। उन्होंने कहा कि इससे न केवल सीतापुर जनपद को, बल्कि बहराइच, लखीमपुर खीरी, बाराबंकी और आस-पास के क्षेत्रों को भी सीधा लाभ मिलेगा।

डॉ. अम्मार रिज़वी ने उम्मीद जताई कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ धार्मिक स्थलों के संरक्षण एवं विकास के प्रति अपने संकल्प पर निरंतर कार्य करते रहेंगे और नैमिषधाम के गौरव को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाएंगे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.