New Ad

भाजपा ने दोहराया पांच साल पुुराना प्रदर्शन, जीती 10 में से सात सीटें, सपा की बढ़ी एक सीट,कांग्रेस पूरी तरह साफ

0

कानपुर : कानपुर में भाजपा ने 2017 के प्रदर्शन को एक बार फिर से दोहराया है। 2017 की तरह कानपुर में भाजपा ने 10 से सात विधानसभा सीटों पर जीत दर्ज की है। भाजपा ने उन सभी सीटों पर दोबारा कब्जा किया है, जिन पर 2017 में जीत दर्ज की थी।

हालांकि, इन सात सीट में घाटमपुर सीट अपना दल की है,गठबंधन की वजह से इस बार यह सीट अपना दल के पास चली गई थी। वहीं भाजपा प्रत्याशियों को मिली जीत के बाद कार्यकर्ताओं ने होली मनाई और पटाखे फोड़े। इस दौरान मतगणना स्थल से कुछ दूरी पर सपा और भाजपा कार्यकर्ताओं में टकराव होते-होते बचा।

भाजपा ने महराजपुर,बिठूर,गोविंदनगर,किदवईनगर,बिल्हौर सुरक्षित,कल्याणपुर सीट पर जीत दर्ज की। महराजपुर में सतीश महाना नें रिकॉर्ड मतों से जीत हासिल की है। सतीश महाना ने लगातार आठवीं बार यह जीत हासिल की है।

जीत के बाद महाना समर्थकों ने जमकर जश्न मनाया। महाना की इस जीत का असर इसी बात से देखा जा सकता है कि पहले राउंड से उन्होंने जो बढ़त बनाना जारी की, वह अंत तक रिकॉर्डतोड़ वोटों में बदलती नजर आयी।
इसी तरह गोविंदनगर में भाजपा के सुरेंद्र मैथानी जीतेे। उपचुनावों में जीत के बाद मैथानी की यह लगातार दूसरी जीत है। मतदान के बाद उम्मीद जताई जा रही थी कि मैथानी को कांग्रेस की करिश्मा ठाकुर से टक्कर मिल सकती है,लेकिन करिश्मा पिछला प्रदर्शन भी नहीं दोहरा पायीं और तीसरे नंबर पर रहीं। दूसरे नंबर पर सपा के सम्राट विकास रहे।

किदवईनगर सीट पर रहा कांटे का मुकाबला

वहीं,प्रतिष्ठित किदवईनगर सीट पर गुरुवार सुबह से दोपहर तक कांटे का मुकाबला देखा गया। शुरूआती कुछ राउंड में भाजपा के महेश त्रिवेदी,कांग्रेस के अजय कपूर से पिछड़ते रहे लेकिन बाद में उन्होंने रफ्तार पकड़ी और फाइनल राउंड आते आते 37493 वोटों से अजय कपूर को करारी शिकस्त दी। किदवईनगर सीट पर महेश त्रिवेदी को 113271 वोट मिले जबकि कांग्रेस के अजय कपूर को 75778 वोट मिले।

वहीं,बिल्हौर सुरक्षित सीट पर भाजपा के राहुल बच्चा ने जीत हासिल की। राहुल बच्चा ने सपा की रचना सिंह गौतम को हराया। बीजेपी के राहुल बच्चा को मिले यहां पर 122725 वोट मिले जबकि सपा की रचना सिंह गौतम को 80420 वोट मिले।

भाजपा छोड़ सपा में आये प्रत्याशी को हराया

घाटमपुर में बसपा से पाला बदलकर अपना दल में शामिल हुईं सरोज कुरील को तीसरे प्रयास में सफलता मिल गई। पिछले दो चुनावों में बसपा प्रत्याशी रहीं सरोज कुरील को हार का सामना करना पड़ा था लेकिन इस बार दल बदला तो उनकी किस्मत भी बदल गई। भाजपा अपना दल गठबंधन के प्रत्याशी के रूप में उतरी सरोज कुरील ने यहां पर भाजपा छोड़कर सपा में शामिल हुए भगवती प्रसाद सागर को हराया। सरोज कुरील ने यहां पर 14622 वोटों से जीत दर्ज की। पहले नंबर पर रहीं सरोज कुरील को 81456 वोट मिले जबकि दूसरे स्थान पर रहे रहे सपा के भगवती प्रसाद सागर को 66834 वोट मिले।

भाजपा ने बाद में रफ्तार पकड़ी

इसके अलावा कल्याणपुर विधानसभा में भाजपा सरकार में मंत्री रहीं नीलिमा कटियार ने जीत दर्ज की। नीलिमा कटियार भी शुरूआत में सपा के सतीश निगम से आगे पीछे होती रहीं। लेकिन बाद में उन्होंने भी रफ्तार पकड़ी।नीलिमा ने यहां पर सपा के सतीश निगम को 21394 वोटों से हराया। भाजपा प्रत्याशी नीलिमा कटियार को 97043 वोट मिले,जबकि सपा प्रत्याशी सतीश निगम को 75649 वोट मिले।

वहीं,बिठूर विधानसभा से भाजपा के अभिजीत सिंह सांगा विजय हुए. सांगा की भी यह लगातार दूसरी जीत है। गुरुवार को सबसे पहला परिणाम बिठूर का ही आया। अभिजीत सिंह सांगा को यहां पर 106910 वोट मिले,जबकि दूसरे स्थान पर रहे सपा के मुनींद्र शुक्ल को 85915 वोट मिले।

लम्बे इंतजार के बाद सपा के खाते में आई जीत

कानपुर कैंट सीट पर सपा के मोहम्मद हसन रूमी ने जीत दर्ज की। लंबे इंतजार के बाद रूमी के खाते में यह जीत दर्ज हुई है। रूमी ने भाजपा के रघुनंदन सिंह भदौरिया को 19987 वोटों से हराया। सपा प्रत्याशी मोहम्मद हसन रूमी को 94729 वोट मिले जबकि रघुनंदन सिंह भदौरिया को मिले 74742 वोट मिले।

सपा-भाजपा में हुआ कड़ा मुकाबला

वहीं,आर्यनगर में अमिताभ बाजपेयी की साइकिल ने दोपहर तक पिछड़ने के बाद अचानक गियर बदला और टॉप पर पहुंच गई। अमिताभ बाजपेयी ने कड़े मुकाबले के बाद भाजपा के सुरेश अवस्थी को 7703 वोटों से हराया। सपा के अमिताभ बाजपेयी को 76241 वोट मिले जबकि भाजपा के सुरेश अवस्थी को 68538 वोट मिले।

इस चुनाव में सीसामऊ सीट पर सपा प्रत्याशी इरफान सोलंकी ने रिकॉर्ड जीत दर्ज की। कुल मिलाकर चौथी बार जीत हासिल करने वाले इरफान सोलंकी यहां पर शुरूआती राउंड से ही बढ़त बनाए रहे। इरफान सोलंकी को यहां पर 78184 वोट मिले जबकि भाजपा के सलिल विश्नोई को 66405 वोट मिले।

Leave A Reply

Your email address will not be published.