New Ad

प्रवासी श्रमिकों की सुरक्षित घर वापसी के लिए 1000 बसें चलाना चाहती है कांग्रेस

0

प्रियंका गांधी ने सीएम योगी को पत्र लिखकर मांगी अनुमति

लखनऊ : कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को एक और पत्र लिखा है। इस पत्र में प्रियंका गांधी ने प्रवासी श्रमिकों के लिए कांग्रेस की ओर से बसें चलाए जाने की अनुमति देने की मांग की है। उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू व कांग्रेस विधायक दल नेता आराधना मिश्रा मोना के नेतृत्व में एक प्रतिनिधि मंडल ने मुख्यमंत्री कार्यालय पहुंचकर प्रियंका का यह पत्र योगी को सौंपा। प्रतिनिधि मंडल में नसीमुद्दीन सिद्दीकी, आरके चैधरी और श्याम किशोर शुक्ला शामिल थे।

पत्र में प्रियंका ने लिखा है कि लाखों की संख्या में उत्तर प्रदेश के मजदूर देश के कोने-कोने से पलायन कर वापस लौट रहे हैं। सरकार की कई घोषणाओं के बावजूद पैदल आ रहे इन मजदूरों को सुरक्षित उनके घरों तक पहुंचने की कोई व्यवस्था नहीं हो पाई है। प्रदेश में अब तक करीब 65 मजदूरों की अलग अलग सड़क दुर्घटनाओं में मौत हो चुकी है। जोकि सूबे में कोरोना महामारी से मरने वालों की संख्या से भी अधिक है। प्रियंका गांधी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को भेजे गए पत्र में लिखा है कि इन गरीब श्रमिकों को सुरक्षित उनके घर पहुँचाने के लिए कांग्रेस पार्टी 500 बसें गाजीपुर बार्डर गाजियाबाद और 500 बसें नोएडा बार्डर से चलाना चाहती है।

इसका पूरा खर्चा कांग्रेस पार्टी वहन करेगी। महामारी से बचने के सब नियमों का पालन करते हुए प्रवासी श्रमिकों को मदद करने के लिए हम 1000 बसों को चलाने की आपसे अनुमति चाहते हैं। पत्र के अंत में प्रियंका ने लिखा है कि राष्ट्रनिर्माता मजदूरों को इस तरह नहीं छोड़ा जा सकता है। कांग्रेस पार्टी इनकी मदद करने के लिए प्रतिबद्ध है

Leave A Reply

Your email address will not be published.