अमेठी: जुनून और जज्बे की बदौलत सब कुछ हासिल किया जा सकता है प्रतिभाएं कभी परिचय का मोहताज नहीं होती है।यह सब चरित्रार्थ कर दिखाया जामों विकास क्षेत्र अंतर्गत गांव उमराडीह निवासी साधारण किसान परिवार में जन्मे किसान के बेटे नवीन सिंह ने।जानकारी के मुताबिक,वर्ष 2021 की पीसीएस परीक्षा पास नायब तहसीलदार बने वही सेवा के दौरान ही अपनी कड़ी मेहनत व लगन से नवीन ने 2022 की पीसीएस परीक्षा पास कर डीपीआरओ पद पर चयनित हुए हैं।नवीन की सफलता पर माता पिता सहित अन्य गणमान्य लोग ने प्रसन्नता जाहिर की है।
ग्रामीण परिवेश में जामो के उमराड़ीह के पूरे जालिम सिंह गांव में साधारण किसान रवींद्र प्रताप सिंह के घर जन्मे नवीन सिंह की माता सुषमा सिंह एक आदर्श गृहणी के साथ ही पेशे से शिक्षा मित्र हैं।गांव देहात की माटी में पले बढ़े नवीन सिंह की प्रारंभिक शिक्षा गांव के सरकारी स्कूल से हुई वही उन्होंने जामों कस्बे के जनता शिक्षण संस्थान से 2010 में हाई स्कूल व 2012 में सर्वोदय साइंस कॉलेज से इंटरमीडिएट की परीक्षा प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण की।
इसके बाद स्नातक की पढ़ाई के लिए उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय में दाखिला लिया जहां से उन्होंने बीएससी करने के बाद पर्यावरण विज्ञान से परास्नातक की परीक्षा सम्मान सहित पास की।इसके साथ ही नवीन की मेहनत व समाज सेवा के जज्बे ने उनके हौसलों को नई उड़ान दी और अपने पहले प्रयास में ही नवीन सिंह ने 2021 में पीसीएस की परीक्षा पास कर नायब तहसीलदार बने थे और वर्तमान में नवीन औरैया जिले में सदर तहसील में बतौर नायब तहसीलदार तैनात हैं ।वही गत सप्ताह पीसीएस 2022 के घोषित परीक्षा परिणामों में नवीन सिंह ने पुनः पीसीएस की परीक्षा पास कर जिला पंचायत राज अधिकारी के पद के लिए चयनित हुए हैं।
वही छोटी बहन कीर्ति सिंह ने सर्वोदय साइंस कॉलेज से इंटरमीडिएट टॉप करते हुए सिविल सेवा में जाने की तैयारी कर रही है ।नवीन ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता पिता के साथ ही गुरुजनों को दिया।नवीन की सफलता पर पिता रवींद्र सिंह माता सुषमा सिंह व बहन कीर्ति सिंह सहित स्थानीय लोगों ने प्रसन्नता जाहिर करते हुए खुशी का इजहार किया है।नवीन के डीपीआरओ पद पर चयनित होने पर शिक्षक जग प्रसाद यादव राकेश उपाध्याय शैलेंद्र सिंह संजय कुमार विजय यादव सहित अन्य लोगों ने बधाई देते हुए प्रसन्नता जाहिर की है।