New Ad

सपा सांसद अमर सिंह का निधन, सिंगापुर में चल रहा था इलाज

0

लखनऊ : समाजवादी पार्टी से राज्यसभा सांसद अमर सिंह (64) का निधन हो गया है। अमर सिंह पिछले कुछ दिनों से सिंगापुर में अपना इलाज करवा रहे थे। शनिवार को उन्होंने अस्पताल में ही अंतिम सांस ली। भारतीय राजनीति में हमेशा चर्चित रहे अमर सिंह की बाॅलिवुड में भी काफी पहचान थी। वर्ष 2013 में अमर सिंह की किडनी फेल हो गयी थी। जिसके बाद उन्होंने किडनी ट्रांसप्लांट कराई थी। पिछले कुछ समय से उनकी तबियत खराब चल रही थी। जिसके चलते उन्हें इलाज के लिए सिंगापुर जाना पड़ा था।

अमर सिंह, सपा संरक्षक मुलायम सिंह के बेहद करीबी थे। अमर सिंह बाॅलिवुड की बच्चन फैमिली के भी बहुत करीब थे। कहा जाता है कि एक समय जब अमिताभ बच्चन आर्थिक रूप से काफी परेशान थे, तो अमर सिंह ने उनकी मदद की थी। तभी से वह बच्चन परिवार के करीबी बन गए।

2019 के आम चुनाव में भाजपा के टिकट पर रामपुर से चुनाव लड़ीं जयाप्रदा और अमर सिंह के बीच काफी घनिष्ठता थी।

कोरोना से लोगों को किया था सावधान

हाल ही में अमर सिंह ने अस्पताल से ही अपना एक वीडियो संदेश जारी किया था। जिसमें उन्होंने कोरोना महामारी से लोगों को सावधानी रहने की सलाह दी थी। श्री सिंह ने कहा था कि यह बहुत घातक रोग है, इसलिए खुद भी बचें और अपने परिवार, समाज और देश को इस महामारी से बचाएं।

अमर सिंह का राजनीतिक सफर

अमर सिंह का जन्म उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ में 27 जनवरी 1956 को हुआ था। अमर सिंह ने अपने राजनीतिक सफर की शुरूआत 1996 में कांग्रेस के राज्यसभा सांसद के तौर पर की थी। इसके बाद 2002 और 2008 में भी वह राज्यसभा के लिए चुने गए। अकसर अपने बयानों के चलते चर्चा में रहने वाले अमर सिंह कई संसदीय समितियों के सदस्य भी रहे।


सपा में रहते हुए पूर्व कैबिनेट मंत्री आजम खान के साथ उनके रिश्ते कभी भी सामान्य नहीं रहे। 2017 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के पहले अमर सिंह और सपा मुखिया अखिलेश यादव के बीच भी संबंध तल्ख हो गए। हालांकि सपा कोटे से अमर सिंह राज्यसभा सदस्य बने रहे।

कई संस्थानों में किया काम, एक किताब भी लिखी

राजनीति में आने से पहले अमर सिंह ने कई संस्थानों में भी काम किया। श्री इंडियन एयरलाइंस और स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के डायरेक्टर भी रहे। उन्होंने नेशनल टेक्सटाइल्स काॅरपोरेशन के डायरेक्टर का पद भी संभाला। अमर सिंह ने रिलिजन इन पॉलिटिक्सः गांधियन पर्सपेक्टिव इन द प्रेजेंट कनटेक्स्ट नाम की एक किताब भी लिखी है। 1987 में अमर सिंह ने पंकजा कुमारी सिंह के साथ विवाह किया था। उनके दो बेटियां हैं

Leave A Reply

Your email address will not be published.