New Ad

यूपी: कांग्रेस का बढ़ा कुनबा, राष्ट्रीय लोकदल छोड़ पार्टी में शामिल हुए कई कार्यकर्ता

0
लखनऊ : उत्तर प्रदेश के आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए कांग्रेस पार्टी ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। यही वजह है कि यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ज्यादा से ज्यादा लोगों को पार्टी में शामिल करने में जुट गए हैं। इस क्रम में सोमवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में जनपद रायबरेली और लखनऊ के सैंकड़ों लोगों ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। जानकारी के मुताबिक इन लोगों ने राष्ट्रीय लोकदल का साथ छोड़कर कांग्रेस का दामन थामा है।  
इस क्रम में सभी लोगों ने राष्ट्रीय लोकदल के प्रदेश महासचिव जावेद अहमद और मीडिया प्रभारी राष्ट्रीय लोकदल व प्रदेश महासचिव/मीडिया पैनलिस्ट युवा राष्ट्रीय लोकदल अभिषेक बाजपेयी के नेतृत्व में कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की है। इन सभी लोगों को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण करवाई।
इस मौके पर अजय कुमार लल्लू ने कहा कि देश और प्रदेश में सत्तासीन भाजपा की नीतियों और गैर कांग्रेसी दलों की नीतियों से लोग ऊब चुके हैं। आज प्रदेश का युवा, किसान, छात्र दर-दर भटकने को मजबूर हैं। जबकि दूसरी ओर भाजपा शासन में कानून व्यवस्था तार-तार हो चुकी है। महिलाओं के साथ जिस रफ्तार से हत्या, रेप और उत्पीड़न की घटनाएं बढ़ रही हैं, पूरे प्रदेश में आक्रोश व्याप्त है। प्रदेश का हर वर्ग पीड़ित है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी प्रदेश और केन्द्र की भाजपा सरकार की तानाशाही और विफलताओं को लेकर लगातार संघर्ष कर रही है। इसके बाद उन्होंने पार्टी में शामिल होने वाले सभी सदस्यों का स्वागत करते हुए कहा कि आप लोगों के पार्टी में आने से पार्टी के संघर्ष को और अधिक बल मिलेगा।
कांग्रेस पार्टी में शामिल होने वालों में राष्ट्रीय लोकदल के जावेद अहमद और अभिषेक बाजपेयी के अलावा युवा राष्ट्रीय लोकदल के प्रदेश उपाध्यक्ष मोहम्मद चांद खां, युवा राष्ट्रीय लोकदल के प्रदेश महासचिव अनिल पटेल, आरपी राजन, सैय्यद मेंहदी हसन, अनिल कुमार यादव, अभिषेक कुमार, सुनील कुमार यादव के अलावा हाजी खुर्शीद आलम और शफीक उर्फ गज्जन बाबा के अलावा कई अन्य लोगों के नाम शामिल हैं।
वहीं दूसरी ओर गोरखपुर से छात्र नेता आलोक कुमार सिंह और गोरखपुर विश्वविद्यालय के पूर्व अध्यक्ष करमवीर सिंह ने भी कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। इसी क्रम में गोरखपुर के अमित कुमार शुक्ल एडवोकेट, राज कपूर राय एडवोकेट और देवरिया के राहुल कुमार राय व प्रदीप कुमार मिश्र ने अपने साथियों के साथ कांग्रेस का दामन थामा
Leave A Reply

Your email address will not be published.