New Ad

यूपी आज पौधारोपण का बनाएगा रेकार्ड, सीएम योगी ने की शुरुआत

0

लखनऊ : उत्तर प्रदेश का वन विभाग आज पौधारोपण का रेकार्ड बनाने की ओर अग्रसर है। विभिन्न सरकारी विभागों के साझा प्रयासों से 5 जुलाई को प्रदेश भर में 25 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है। लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कुकरैल के पिकनिक स्पाॅट में विधि पूजा अर्चना और पौधारोपण कर ‘वन महोत्सव सप्ताह’ के तहत इस ऐतिहासिक पौधारोपण कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

इसी क्रम प्रदेश की महिला कल्याण एवं बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) स्वाति सिंह ने भी इस ऐतिहासिक अभियान में अपना योगदान दिया। मंत्री स्वाती सिंह ने विधानसभा क्षेत्र सरोजिनी नगर के ग्राम खटोला में सीआरपीएफ द्वारा आयोजित वृक्षारोपण कार्यक्रम में हिस्सा लिया और पौधारोपण किया।

ऐतिहासिक पौधारोपण कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सरकार के सभी मंत्री, विधायक, सांसद व नेताओं को उनके जनपदों व क्षेत्रों में जिम्मेदारी सौंपी गयी है। मंत्री सिद्धार्थनाथ सिंह ने नोएडा में तो ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा ने हस्तिनापुर में पौधारोपण कार्यक्रम शुरूआत की।

अभियान के लिए बनाई गयी विस्तृत कार्ययोजना

यूपी का वन विभाग प्रदेश के 10,053 स्थलों पर 10 करोड़ पेड़ लगवा रहा है। इस अभियान में वन विभाग के साथ अन्य 26 विभाग भी शामिल हैं। प्रदेश के 7 लाख स्थलों पर 15 करोड़ पेड़ लगाए जाएंगे। वन विभाग की 1760 पौधशालाओं में 44.27 करोड़ पेड़ जमा किए गए हैं उद्यान विभाग की 142 पौधशालाओं में करीब 84 लाख पेड़ जमा किए गए हैं। वहीं रेशम विभाग की 76 पौधशालाओं में करीब 24 लाख पेड़ उपलब्ध हैं।

डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने लघु हर्बल वाटिका में किया पौधारोपण

उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने समता मूलक चौराहा से खुर्रम नगर सिक्स लेन मार्ग पर स्थापित की गयी लघु हर्बल वाटिका में पौधारोपण किया। इस पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन निर्माण लोक निर्माण विभाग, सेतु निगम व राजकीय निर्माण निगम ने संयुक्त रूप से किया।

इस मौके पर उप मुख्यमंत्री ने प्रदेश की जनता से कम से कम एक वृक्ष लगाने का आह्वान किया। डिप्टी सीएम ने कहा कि पौधों की सुरक्षा के लिए पर्याप्त इंतजाम भी किए जाएं। क्योंकि पेड. लगाने से ज्यादा जरूरी उनकी सुरक्षा है। श्री मौर्य ने कहा कि कोरोना संकट के बाद हर्बल और औषधीय पौधों की उपयोगिता कहीं ज्यादा बढ़ गया है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.