New Ad

पुलिस को हथियार बनाकर लोकतंत्र की हत्या पर आमादा है योगी सरकार: कांग्रेस

0

कांग्रेस नेता शाहनवाज की गिरफ्तारी अवैध और अलोकतांत्रिक: अजय लल्लू

कांग्रेस के बढ़ते प्रभाव से बौखलाई योगी सरकार, गिरफ्तारियों से डराना चाहती है: आराधना मिश्रा

लखनऊ : उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अल्पसंख्यक विभाग के चेयरमैन शहनवाज आलम के गिरफ्तारी के विरोध मंगलवार को लखनऊ में जमकर सियासी हंगामा हुआ। देर शाम कांग्रेस ने एक बयान जारी कर शाहनवाज आलम की गिरफ्तारी की निंदा की है। जारी बयान में कांग्रेस ने कहा है कि सोमवार देर रात सादी वर्दी में कुछ पुलिसकर्मियों ने कांग्रेस नेता को अगवा कर लिया। लखनऊ पुलिस ने इस बारे में दो घण्टे तक कोई जानकारी नहीं दी। मंगलवार सुबह कांग्रेस कार्यालय पर शाहनवाज आलम की गिरफ्तारी का विरोध करने पर पुलिस ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू और विधायक दल की नेता आराधना मिश्रा ‘मोना’ सहित दर्जनों पार्टी कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया। जिन्हें शाम 4 बजे छोड़ दिया गया।

जारी बयान में कहा गया है कि सोमवार देर रात हजरतगंज कोतवाली पहुंचे कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर पुलिस ने बर्बरतापूर्वक लाठीचार्ज किया। जिसमें महासचिव मनोज यादव, अभिमन्यु सिंह, शिवम तिवारी, मो. तारिक, राजेश सिंह काली समेत दर्जनों कार्यकर्ता घायल हुए हैं। कांग्रेस पार्टी इस बर्बर दमन का निंदा करती है।

यूपी में कुचला जा रहा लोकतंत्र: अजय कुमार लल्लू

अपने बयान में अजय कुमार लल्लू ने कहा है कि पूरे प्रदेश में भाजपा सरकार दमन का चक्र चला रही है। आए दिन लोकतंत्र को कुचला जा रहा है। अल्पसंख्यक विभाग के चेयरमैन शाहनवाज आलम की देर रात गिरफ्तारी अवैध, अलोकतांत्रिक और निंदनीय है। कांग्रेस के नेता और कार्यकर्ता जनता के मुद्दों पर आवाज उठाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। कांग्रेस नेता ने कहा कि भाजपा सरकार पुलिस को दमन का हथियार बनाकर विरोधियों की आवाज को दबा रही है। लेकिन कांग्रेस कार्यकर्ता दबने वाले नहीं हैं।

कांग्रेस नेताओं की गिरफ्तारी कायरता भरा कदम : मोना

कांग्रेस विधायक दल की नेता आराधना मिश्रा मोना ने कहा, कांग्रेस नेताओं की गिरफ्तारी योगी सरकार का राजनीतिक द्वेषपूर्ण और कायरता भरा कदम है। सरकार विपक्ष की आवाज की दबाना चाहती है। कांग्रेस के बढ़ते प्रभाव से योगी सरकार की बौखलाहट साफ दिख रही है।

हम कांग्रेस के सिपाही हैं…डरेंगे नहीं: तनुज पुनिया

कांग्रेस अनुसूचित विभाग कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष तनुज पुनिया ने जारी बयान में कहा, सत्ता पोषित दमन से कांग्रेस, राहुल और प्रियंका के सिपाही डरेंगे नहीं। सड़क पर संघर्ष करेंगे। कांग्रेस में संघर्ष की लम्बी और शानदार परंपरा रही है। लोकतंत्र को बचाने के लिए दलित-पिछड़ा विरोधी योगी सरकार के खिलाफ अब हम सड़कें गरम करेंगे।

श्री पुनिया ने कहा, इलाहाबाद विश्वविद्यालय के लोकप्रिय छात्रनेता रहे और दलितों-वंचितों के लड़ाई लड़ने वाले यूपी अल्पसंख्यक कांग्रेस के चेयरमैन शाहनवाज आलम की असंवैधानिक गिरफ्तारी योगी आदित्यनाथ की सरकार को बहुत महंगी पड़ेगी।

ये भी रहे मौजूद

प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू और आराधना मिश्रा मोना के साथ प्रदेश उपाध्यक्ष वीरेंद्र चैधरी, पूर्व विधायक राम सिंह पटेल, प्रशासन प्रभारी दिनेश सिंह, महासचिव विश्वविजय सिंह, मनोज यादव, लखनऊ प्रभारी सचिव रमेश शुक्ला, शहर अध्यक्ष मुकेश सिंह चौहान, ममता चौधरी, पंकज तिवारी, सदफ जाफर, सुशीला शर्मा, वेद प्रकाश त्रिपाठी, प्रभाकर मिश्रा, मनोज पाठक, शिवम त्रिपाठी, ज्ञानेश शुक्ला, अनस रहमान, नावेद नकवी, अंकित सक्सेना सहित सैंकड़ों कांग्रेसजन मौजूद रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.