New Ad

  29 से बिजली कर्मी करेंगे अनिश्चितकालीन कार्य बहिष्कार

विद्युत कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति में जूनियर इंजीनियर्स संगठन भी हुआ शामिल

0

लखनऊ। विद्युत कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति की मंगलवार को लखनऊ में हुई बैठक में राज्य विद्युत परिषद जूनियर इंजीनियर्स संगठन ने भी संघर्ष समिति के सभी आन्दोलनात्मक कार्यक्रमों में शामिल होने पर अपनी सहमति दी है। बैठक में लिये गये निर्णय के अनुसार संघर्ष समिति ने 29 नवम्बर 2022 से समस्त ऊर्जा निगमों में अनिश्चितकालीन कार्य बहिष्कार करने की नोटिस अपर मुख्य सचिव (ऊर्जा) को भी भेज दी है।
नोटिस में लिखा गया है कि ऊर्जा निगमों के शीर्ष प्रबन्धन के स्वेच्छाचारी रवैये और नकारात्मक कार्यप्रणाली के कारण ऊर्जा निगमों को हो रही आर्थिक क्षति एवं ऊर्जा निगमों में व्याप्त भय के वातावरण को समाप्त कराने हेतु एवं बिजली कर्मियों की वर्षों से लम्बित न्यायोचित समस्याओ के समाधान हेतु बार-बार अनुरोध किये जाने के बावजूद कुछ भी सार्थक कार्यवाही न होने के कारण संघर्ष समिति ने सरकार व प्रबन्धन के ध्यानाकर्षण को आन्दोलन का निर्णय लिया है। 29 नवम्बर 2022 से अनिश्चितकालीन कार्य बहिष्कार प्रारम्भ करने से पहले संघर्ष समिति के सभी घटक श्रम संघों व सेवा संगठनों की केन्द्रीय कार्यकारिणी के समस्त पदाधिकारी व सदस्य 17 नवम्बर को शक्ति भवन मुख्यालय पर प्रात: 10:00 बजे से सायं 05:00 बजे तक शान्तिपूर्वक सामूहिक सत्याग्रह व प्रदर्शन करेंगे। 21 नवम्बर 2022 को राजधानी लखनऊ सहित समस्त जनपदों व परियोजनाओं पर अपराह्न 03 बजे से 05 बजे तक विरोध सभायें की जायेंगी। 22 नवम्बर 2022 से नियमानुसार कार्य आन्दोलन शुरू होगा। इसी क्रम में प्रदेश भर के जनप्रतिनिधियों को 22 नवम्बर 2022 से ज्ञापन सौंपा जायेगा। 28 नवम्बर 2022 शाम पांच बजे समस्त जनपद/परियोजना मुख्यालयों पर मशाल जुलूस कार्यक्रम व 29 नवम्बर 2022 को प्रात: 08 बजे से सभी ऊर्जा निगमों के समस्त कर्मचारी व अभियन्ता अनिश्चितकालीन कार्य बहिष्कार करेंगे। बैठक में राजीव सिंह, प्रभात सिंह, जितेन्द्र सिंह गुर्जर, जीबी पटेल, जय प्रकाश, गिरीश पांडेय, सदरुद्दीन राना, सुहेल आबिद, पी के दीक्षित, डीके मिश्रा, मो इलियास, महेन्द्र राय, केशर सिंह रावत, पी एन तिवारी, सुनील प्रकाश पाल, प्रेम नाथ राय, सनाउल्लाह, एके श्रीवास्तव, सागर शर्मा, शम्भू रत्न दीक्षित, भगवान मिश्र, पवन श्रीवास्तव, रफीक अहमद, के पी सिंह, दीपक चक्रवर्ती, आलोक कुमार श्रीवास्तव, अजय द्विवेदी, अंकुर भारद्वाज, जगदीश कुमार भारती, शैलेन्द्र सिंह मुख्यतया उपस्थित रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.