New Ad

गाजियाबाद की मोमबत्ती फैक्टी में लगी भीषण आग, सात लोगों की जलकर मौत

0

करीब दो दर्जन लोगों के अंदर फंसे होने की आशंका, राहत व बचाव कार्य जारी

लखनऊ : गाजियाबाद जिले के मोदीनगर इलाके में रविवार दोपहर को बड़ा हादसा हो गया। जिसमें 7 लोगों की जलकर मौत हो गई है और 4 लोग गंभीर रूप से घायल है। हादसे के बाद हड़कंप मच गया। यह हादसा मोदीनगर इलाके के बखरवा गांव में मोमबत्ती व पटाखा फैक्ट्री में भीषण आग से बताया जा रहा है। वहीं अंदर 20 लोगों के फंसे होने की सूचना है। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और एसएसपी समेत कई अधिकारी मौके पर पहुंच गई है और बचाव कार्य जारी है।

सीएम योगी ने इस हादसे पर दुख जताते हुए मृतकों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने अधिकारियों को तुरंत मौके पर रवाना होने के साथ ही पूरे मामले की रिपोर्ट मांगी है। अभी तक आग लगने के कारण का पता नहीं चल सका है। जिस फैक्ट्री में आग लगी है, उसमें मोमबत्ती बनाने का काम किया जाता है। जिस दौरान आग लगी उस वक्त फैक्ट्री में कितने लोग थे यह भी अभी तक साफ नहीं हो पाया है। वहीं घायलों को अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। वहीं मृतकों की संख्या बढ़ते ही लोगों का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया है। लोग गुस्से में प्रदर्शन कर रहे हैं। मौके पर एसपी देहात नीरज जादौन, विधायक डॉ मंजू शिवाच, भाजपा जिलाध्यक्ष दिनेश सिंघल भी पहुंच गए हैं। ग्रामीणों ने अधिकारियों को घेर लिया है। यहां पर लोग हंगामा मचा रहे हैं। हालात धीरे-धीरे बेकाबू हो रहे हैं। कुछ लोग तो एंबुलेंस के सामने ही लेट गए हैं और ग्रामीण लाश नहीं उठाने दे रहे हैं। प्रदर्शन कर रही महिलाएं बेहोश हो गई हैं।

स्थानीय लोगों ने बहादुरी दिखाते हुए अंदर से 10 लोगों को निकाला है। वहीं यह भी पता चला है कि यहां पटाखा फैक्ट्री में काम करने वालों में ज्यादातर महिलाएं ही हैं। फिलहाल प्रशासन मरने वालों की शिनाख्त करने और राहत बचाव काम में लगा है। फैक्ट्री में आग लगते ही लोगों ने इसकी सूचना फायर ब्रिग्रेड टीम को दी। इसके बाद दमकलकर्मी मौके पर पहुंच कर आग बुझाने का काम के साथ अंदर फंसे लोगों को बचाने में जुट गए। ग्रामीणों से मिल रही सूचना के हिसाब से यह फैक्ट्री यहां लंबे समय से चल रही थी।

जानकारी के अनुसार यहां जन्मदिन की पार्टी में इस्तेमाल होने वाली फुलझड़ी बनाई जाती थी। इसके साथ ही यह भी पता चला कि मालिक आसपास के घरों में कच्चा माल भिजवा कर पटाखे बनवाता था। लोगों ने दबी जुबान में यह भी बताया कि पुलिस की मिली भगत से यह धंधा चल रहा था। इधर लोगों से मिली ताजा जानकारी के हिसाब से यह फैक्ट्री अवैध रूप से चल रही थी। हालांकि, इस बात की पुष्टि फिलहाल नहीं हो पाई है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.